कुम्हारी फोरलेन पर मिनी ट्रक पलटा, केमिकल कॉलोनी तक फैला; जाम से घंटों जूझे राहगीर
टायर फटने से हादसा, ज्वलनशील केमिकल पहुंचा खारुन ग्रीन कॉलोनी तक; पुलिस-नगर पालिका ने कंट्रोल किया हालात
भिलाई के कुम्हारी थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाला ज्वलनशील केमिकल लदा मिनी ट्रक टायर फटने से पलट गया, जिससे केमिकल सड़क से फैलते हुए नजदीक की खारुन ग्रीन कॉलोनी तक पहुंच गया। इस हादसे से जहां कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए, वहीं रायपुर-दुर्ग फोरलेन पर लंबा जाम लग गया।
कुम्हारी। कुम्हारी क्षेत्र के खारुन ग्रीन कॉलोनी के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मिनी ट्रक टायर फटने से पलट गया। ट्रक के पीछे लदा केमिकल से भरा टेंकर सड़क पर आ गिरा और उसमें रखा ज्वलनशील पदार्थ सड़क से होते हुए कॉलोनी तक फैल गया। अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी के रहवासी खौफजदा हो गए।
मिनी ट्रक (सीजी 04 एलएफ 7015) रायपुर से दुर्ग की ओर जा रही थी। चालक गुलाब साहू और हेल्पर इमरान ने बताया कि टेंकर में साबुन बनाने में उपयोग होने वाला केमिकल लदा था। ट्रक के पलटते ही टेंकर भी लुढ़क गया और उसका सारा केमिकल बाहर बह निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही कुम्हारी थाना प्रभारी योगेश्वर वर्मा पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की टीम ने तत्काल सड़क और कॉलोनी में फैले केमिकल पर रेत डालकर हालात काबू में किए। इस बीच ट्रैफिक पुलिस ने पलटे वाहन को किनारे लगवाकर आवागमन सुचारु किया।
करीब एक घंटे तक रायपुर-दुर्ग फोरलेन पर जाम की स्थिति बनी रही। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
suntimes 