खास समाचार : "छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं परीक्षा शुरू, बिलासपुर में 36 छात्रों के एडमिट कार्ड रद्द होने से हंगामा"

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) के 12वीं बोर्ड के एग्जाम आज से शुरू हो गए हैं। पहला पेपर हिंदी का है। परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू हुई, जो 12.15 बजे तक चलेगी। इस बार 2 लाख 40 हजार 341 स्टूडेंट्स 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। वहीं बिलासपुर में एग्जाम से 24 घंटे पहले ही 36 छात्रों का एडमिट कार्ड निरस्त कर दिया गया। सभी तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स हैं। बोर्ड ने 75% से कम अटेंडेंस का हवाला दिया है। घटना की जनकारी मिलते ही शुक्रवार को स्टूडेंट और परिजन स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
सुबह 9 बजे तक स्टूडेंट क्लास रूम में पहुंचे। 9 बजकर 5 मिनट में आंसर-शीट दी गई। 09.10 बजे प्रश्न पत्र दिया गया। क्वेश्चन पेपर पढ़ने के लिए 5 मिनट का अलग समय दिया गया। स्टूडेंट्स ने 9.15 बजे से आंसर शीट में आंसर लिखना शुरू किया।
परीक्षा सामग्रियां सभी परीक्षा केन्द्रों में सुबह पहुंची। गोपनीय सामग्रियां सुरक्षा के लिहाज से संबंधित क्षेत्र के थानों में रखी गई थी। इसे सुबह ही एग्जाम सेंटर लाया गया। वहीं 10 वीं की परीक्षा 3 मार्च से शुरू होगी। 10वीं का भी पहला पेपर हिंदी होगा।