छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट — बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बदले मौसम के तेवर, 70 किमी तक चलेगी तेज हवा
बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा असर, दंतेवाड़ा-सुकमा में तेज बारिश की चेतावनी; रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में यलो अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ का मौसम अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने आज दक्षिण छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
रायपुर। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 28 अक्टूबर को बस्तर संभाग के नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद, बालोद, राजनांदगांव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है, इसलिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से आने वाले 3-4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बस्तर क्षेत्र में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
रविवार को भी बदला रहा मौसम का मिज़ाज
रविवार को भी बस्तर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और शाम को बूंदाबांदी दर्ज की गई। माना में अधिकतम तापमान 33.6°C जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.5°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
suntimes 