छत्तीसगढ़ के 28 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट: आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी, बलरामपुर में सबसे ज्यादा बरसात

अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान, अब तक प्रदेश में 1024 मिमी पानी बरसा; बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत, कई घायल

छत्तीसगढ़ के 28 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट: आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी, बलरामपुर में सबसे ज्यादा बरसात

छत्तीसगढ़ में मानसून अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को 28 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा 1367.4 मिमी पानी बरस चुका है, जो सामान्य से 51% अधिक है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के 28 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने की अपील की है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश भोपालपटनम में 52.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं, बलरामपुर जिला इस सीजन में सबसे ज्यादा बारिश वाला इलाका बन गया है, जहां अब तक 1367.4 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 51% अधिक है। इसके विपरीत बेमेतरा जिले में सिर्फ 482.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 50% कम है।

बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोलबिरा गांव में शुक्रवार को लापता हुए युवक और युवती की लाश पेड़ के नीचे मिली। जांच में पता चला कि दोनों बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे और इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।

कोरबा जिले में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। दोनों की शादी मात्र छह महीने पहले हुई थी।

राज्य में अब तक औसतन 1024.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ जैसे जिलों में वर्षा सामान्य स्तर के आसपास बनी हुई है।