रायपुर में डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट: वर्दी फाड़ी, गाड़ी जलाने की धमकी; चार आरोपी गिरफ्तार

सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से रोकने पर मचा बवाल, न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का मामला

रायपुर में डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट: वर्दी फाड़ी, गाड़ी जलाने की धमकी; चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में डायल-112 के एक पुलिसकर्मी पर हमला कर चार युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोपियों ने न सिर्फ वर्दी फाड़ दी बल्कि पुलिस जीप को जला देने की धमकी भी दी। दरअसल, पुलिस टीम ने 11 सितंबर को सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से रोकने की कोशिश की थी, इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर। रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह जोसेफ कॉलोनी रोड पर 11 सितंबर की रात चार युवकों ने डायल-112 के पुलिसकर्मी से मारपीट कर दी।

सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब भट्टी के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर धक्का-मुक्की और मारपीट पर उतर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने वर्दी फाड़ दी और पुलिस जीप को आग के हवाले करने की धमकी भी दी।

शिकायतकर्ता तुलेश मनहरे ने बताया कि आरोपियों ने अपना नाम अरुण चौहान (28), राजेश यादव उर्फ छोटू (24), राहुल दीवान उर्फ रामू (20) और रविन्द्र भगत (40) बताया। चारों आरोपी मूल रूप से महासमुंद और जशपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में रह रहे थे।

घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और चारों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। उनके खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।