छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप: पारा 37 डिग्री पार, 6 मार्च से मिलेगी राहत

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में हल्की ठंडक; अगले 48 घंटे तक मौसम रहेगा स्थिर

छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप: पारा 37 डिग्री पार, 6 मार्च से मिलेगी राहत

छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। रायपुर, जगदलपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जहां दिन का पारा 36 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। सोमवार को 37.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 6 मार्च के बाद हल्की राहत मिल सकती है।

रायपुर (सन टाइम्स)। छत्तीसगढ़ में सूरज की तपिश तेज होती जा रही है। राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। सोमवार को राजनांदगांव में सबसे अधिक 37.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि दुर्ग, रायपुर और जगदलपुर में पारा 36 डिग्री के पार रहा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों तक तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं आएगा। हालांकि, 6 मार्च से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। अंबिकापुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रहा, जो औसत से 2.7 डिग्री अधिक था। रात में भी गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे, क्योंकि न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और दिन के समय तेज धूप से बचाव करना जरूरी होगा।