जबलपुर में छत्तीसगढ़ की विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

दूसरी मंजिल से गिरकर मौत का दावा, परिजनों ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप; कहा- बेटी को दुल्हन बनाकर भेजा, अब लाश ले जा रहे हैं

जबलपुर में छत्तीसगढ़ की विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
अनमोल आहूजा (25)

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार की एक विवाहिता की जबलपुर में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जबलपुर/बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के भाटापारा की रहने वाली अनमोल आहूजा (25) की जबलपुर में रहस्यमयी परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।

अनमोल की शादी तीन साल पहले जबलपुर निवासी विपुल आहूजा से हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की एक बेटी भी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष ने अनमोल को मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया था। दो बार उसका हाथ तक तोड़ दिया गया।रायपुर से जबलपुर पहुंचे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या करने का आरोप।

परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या करने का आरोप।

अनमोल के पिता मुरली खत्री ने बताया कि गुरुवार रात 12 बजे बेटी का फोन आया था। उसने बताया कि उसका पति शराब के नशे में मारपीट कर रहा है और तत्काल जबलपुर पहुंचने को कहा। सुबह आने का वादा करने के कुछ ही देर बाद रात डेढ़ बजे चाचा ससुर का फोन आया कि अनमोल छत से गिर गई है और अस्पताल में भर्ती है।

परिजन जब शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुंचे तो अनमोल को आईसीयू में अकेला पाया। कुछ ही देर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष का कोई सदस्य अस्पताल में मौजूद नहीं था, न ही उनकी नातिन की कोई जानकारी दी गई।

मृतका के भाई सुनील का कहना है कि बहन को प्यार से पाला था, लेकिन ससुराल में उसे बार-बार यातनाएं दी गईं। पहले भी कई बार समझौते कराए गए थे। विपुल ने खुद कबूल किया था कि वह शराब नहीं पिएगा, लेकिन फिर वादा तोड़ दिया।

पुलिस ने मामले की जांच सीएसपी गढ़ा को सौंपी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण की पुष्टि की जाएगी। परिजनों के आरोपों के आधार पर हर पहलू से जांच की जा रही है।