जमीन विवाद में हनुमान प्रतिमा खंडित, पांच गिरफ्तार

जमीन विवाद में हनुमान प्रतिमा खंडित, पांच गिरफ्तार

रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में देर रात जेसीबी से हटाने की कोशिश, भड़का जनआक्रोश

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान हनुमान भगवान की प्रतिमा के खंडित होने से तनाव की स्थिति बन गई। जेसीबी मशीन से प्रतिमा हटाने की कोशिश के दौरान यह घटना हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

जमीन पर स्वामित्व को लेकर विवाद

 

पचपेड़ी नाका के पास धर्मनगर इलाके में स्थित एक खाली भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय निवासियों ने उक्त जमीन पर चौरा बनाकर हनुमान भगवान की प्रतिमा स्थापित की थी। आरोप है कि एक पक्ष ने जमीन को अपनी बताते हुए देर रात जेसीबी से मूर्ति हटाने का प्रयास किया।

 

जेसीबी से शिफ्ट के दौरान टूटी प्रतिमा

 

सोमवार देर रात जेसीबी मशीन से प्रतिमा को हटाया जा रहा था, इसी दौरान प्रतिमा खंडित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया।

 

थाने में हुआ हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

 

घटना के बाद अगले दिन बड़ी संख्या में लोग टिकरापारा थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

 

धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज

 

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। जांच के बाद इस प्रकरण में पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

अरिहंत पारख (31 वर्ष) — निवासी सिविल लाइन, रायपुर

 

मोहित लखेर (32 वर्ष) — निवासी सतना (मप्र), वर्तमान में पंडरी, रायपुर

 

भूपेश केंवट (19 वर्ष) — निवासी महासमुंद, हाल निवासी सड्डू, रायपुर

 

गणेश कुर्रे (20 वर्ष) — निवासी सक्ती, हाल निवासी पंडरी, रायपुर

 

मेहराब खान (21 वर्ष) — निवासी हरियाणा, हाल निवासी माना, रायपुर

 

मामले की जांच जारी

 

पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।