हाईवे पर दौड़ती ट्रक में धमाका, देखते ही देखते आग का गोला बनी
बिलासपुर–जांजगीर मार्ग पर आयरन लोड वाहन में ब्लास्ट, चालक ने कूदकर बचाई जान
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आयरन लोड एक ट्रक में अचानक धमाका हो गया। ब्लास्ट के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
महाराष्ट्र से ओडिशा जा रहा था ट्रक
पुलिस के मुताबिक ट्रक महाराष्ट्र से आयरन लोड कर ओडिशा की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे जब वाहन मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयराम नगर तिराहे के पास पहुंचा, तभी चलती ट्रक के टायर से अचानक धुआं उठता नजर आया।
राहगीरों ने दी चेतावनी, चालक ने लगाई ब्रेक
धुआं उठते देख आसपास से गुजर रहे लोगों ने चालक को सतर्क किया। स्थिति भांपते ही चालक ने ट्रक को सड़क किनारे रोका, लेकिन इससे पहले ही ट्रक में आग की लपटें उठने लगीं।
कुछ ही देर में धू-धू कर जल उठा वाहन
बिलासपुर–जांजगीर हाईवे पर ट्रक में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। चालक ने जान बचाने के लिए ट्रक से छलांग लगा दी। आग की ऊंची लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को बुलाया गया। दमकल के पहुंचने तक ट्रक पूरी तरह जल चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया गया।
कोई जनहानि नहीं, कारणों की जांच जारी
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस आग लगने और ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रही है।
suntimes 