छत्तीसगढ़ बंद कल: कांकेर विवाद के विरोध में सर्व समाज का बड़ा फैसला
कांकेर के बड़े तेवड़ा में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के बाद उपजा आक्रोश।धर्मांतरण और सामाजिक हिंसा के खिलाफ 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान।
कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में धर्मांतरण के विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प और तनाव के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने 24 दिसंबर को 'प्रदेशव्यापी बंद' का ऐलान किया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने अपना नैतिक समर्थन देते हुए व्यापारियों से एकजुटता दिखाने की अपील की है। प्रदेश में बढ़ती धर्मांतरण की गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
दुर्ग-भिलाई। कांकेर की घटना ने सुलगाई विरोध की चिंगारी विवाद की शुरुआत कांकेर के बड़े तेवड़ा गांव से हुई, जहाँ शव दफनाने के विषय पर आदिवासी और धर्मांतरित समुदाय के बीच तीखी झड़प हो गई थी। सर्व समाज का आरोप है कि क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद उपजे जनाक्रोश ने अब प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप ले लिया है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स का मिला साथ छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने स्पष्ट किया है कि मिशनरियों द्वारा सामाजिक ढांचे को खंडित करने के प्रयासों का विरोध जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग अपनी इच्छा से दुकानें बंद रखकर इस अभियान में सहयोग करेगा। चैंबर ने साफ किया है कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और किसी के साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर बंद के आह्वान को देखते हुए दुर्ग और भिलाई प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और एडीएम अभिषेक अग्रवाल ने सर्व समाज व चैंबर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सामाजिक एकता की अपील सर्व समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि यह किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सनातन मूल्यों और सामाजिक एकता को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस आंदोलन का हिस्सा बनें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
suntimes 