जुनवानी के स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़, मैनेजर व महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार

स्मृतिनगर पुलिस की रेड में 19 मोबाइल और 1,900 रुपये नकद बरामद, ग्राहकों से जुड़ी जानकारी व आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त

भिलाई। जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्मृतिनगर पुलिस ने सेंटर में दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से करीब चार लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नकद सहित ग्राहकों और कथित गतिविधियों से संबंधित दस्तावेज व अन्य सामग्री जब्त की है।

भिलाई। जुनवानी क्षेत्र स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना पर स्मृतिनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से रकम लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सेंटर के मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका भी सामने आई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी के ली वेलनेस स्पा सेंटर में वैध स्पा सेवाओं की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर कई ऐसे लोग मिले, जिनका संबंध कथित देह व्यापार की गतिविधियों से बताया गया है।

जांच के दौरान पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर मैनेजर तनय सोनी द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने तथा हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मैनेजर और महिला दलाल समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चार लाख के मोबाइल समेत अन्य सामग्री जब्त

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नकद, ग्राहकों एवं कथित देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों से संबंधित जानकारी, आपत्तिजनक सामग्री तथा अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने का आरोप

पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से रकम ली जाती थी। इसके बाद महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस ने इसे स्पा सेंटर की आड़ में संचालित कथित देह व्यापार का तरीका बताया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) शामिल हैं।

स्मृतिनगर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना सुपेला एवं चौकी स्मृतिनगर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थानों में किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर नागरिक तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वालों की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।