तेज रफ्तार हाईवा ने कार को मारी टक्कर, विधायक के परिजन समेत पांच घायल
एनएच-53 पर बिजली नगर पुलिया के पास हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार
भिलाई-तीन स्टेशन के सामने एनएच-53 पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार हाईवा ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें सवार अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के परिजन समेत पांच लोग घायल हो गए।
भिलाई । भिलाई-तीन स्टेशन के सामने एनएच-53 स्थित बिजली नगर पुलिया के पास रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई।
हादसे के समय कार क्रमांक सीजी-07 बीसी 1197 में चालक सहित पांच लोग सवार थे। इनमें अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के पुत्र धनंजय कोर्सेवाड़ा के बच्चे सुजल कोर्सेवाड़ा, आदिती, स्वाती और जानवी शामिल थे, जो रायपुर की ओर जा रहे थे।
ब्रिज पर चढ़ने से पहले हाईवा क्रमांक सीजी-10 बीडब्ल्यू 4690 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए कार को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे दिलीप पटेल, मुकेश अग्रवाल सहित अन्य राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में कार चालक दिलीप के सिर और हाथ में चोट आई है। वहीं सुजल के हाथ में, जानवी के सिर में चोट आई, जबकि स्वाती और आदिती को हल्की चोटें लगी हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक की शिकायत पर हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने बताया कि घटना के समय वे एक कार्यक्रम में व्यस्त थे। उन्होंने बताया कि एक बच्ची के सिर में चोट आने के कारण उसका एमआरआई कराया गया है। फिलहाल सभी घायल सुरक्षित हैं और घर पर उपचार ले रहे हैं।
suntimes 