दसवीं बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रा ने दी जान

भिलाई के घासीदास नगर की 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

एडमिट कार्ड लेने के बाद लौटी थी घर, पुलिस कर रही कारणों की जांच

दुर्ग/भिलाई। बोर्ड परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले भिलाई में एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, Bhilai के घासीदास नगर निवासी नारायणी साहू कक्षा दसवीं की छात्रा थी। वह स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (हाउसिंग बोर्ड) में अध्ययनरत थी। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र लेकर घर लौटी थी।

परिजनों के अनुसार नारायणी अपनी चार बहनों और माता-पिता के साथ रहती थी। बड़ी बहन ने बताया कि वह परीक्षा को लेकर पूरी तरह तैयार थी और उसे विश्वास था कि वह अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होगी। सोमवार रात भी उसने अपनी बहनों के साथ देर रात तक पढ़ाई की।

मंगलवार सुबह जब उसकी मां नींद से उठीं तो बेटी को फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देख मां चीख पड़ीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी गई और जामुल थाना पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और पारिवारिक संवाद की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।