दुर्ग जनपद की सामान्य सभा में फिर गरमाया वित्तीय आवंटन का मुद्दा

15वें वित्त आयोग की राशि के बंटवारे को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने, कांग्रेस ने लगाया पक्षपात का आरोप

दुर्ग जनपद पंचायत की सामान्य सभा में एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई। 15वें वित्त आयोग की राशि के बंटवारे को लेकर सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया। विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा की समझाइश के बावजूद शोर-शराबा थमा नहीं।

दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग के सभागार में शुक्रवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक विवादों से घिर गई। बैठक में कुल 24 सदस्य शामिल हुए, जहां 15वें वित्त आयोग की राशि के वितरण को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस हो गई।

सभा के दौरान कांग्रेस सदस्यों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल अपने ही सदस्यों को प्राथमिकता देते हुए मनमाने ढंग से राशि का आवंटन कर रहा है। उनका कहना था कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव है और विपक्षी सदस्यों की अनदेखी की जा रही है।

वहीं, सत्तापक्ष ने इसे खारिज करते हुए कहा कि राशि का आवंटन नियमों के अनुसार बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित कर किया गया है। मौके पर मौजूद अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और बार-बार सदस्यों से संयम बरतने की अपील करते रहे, लेकिन हंगामा जारी रहा।

इस घटनाक्रम से साफ है कि जनपद स्तर पर वित्तीय फैसलों को लेकर पारदर्शिता और विश्वास की कमी लगातार विवाद का कारण बन रही है।