दुर्ग पुलिस का सघन सर्च अभियान: अप्रवासी मजदूरों और बांग्लादेशियों की तलाश तेज
गया नगर और नंदनी में 150 से अधिक जवानों ने चलाया अभियान, दस्तावेजों की जांच के साथ 200 से अधिक लोगों से पूछताछ
दुर्ग पुलिस ने जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी मजदूरों और बांग्लादेशी नागरिकों की तलाश के लिए एक बार फिर सघन सर्चिंग अभियान चलाया। गया नगर और नंदनी क्षेत्रों में पुलिस ने घर-घर दस्तक दी और करीब 200 संदिग्धों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों की जांच की। यह अभियान राज्य में सुरक्षा और पहचान सत्यापन को लेकर चल रही सतर्कता का हिस्सा है।
दुर्ग। जिले में लगातार बढ़ रही अवैध निवासियों की संख्या को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर सघन सर्चिंग अभियान चलाया। गया नगर और नंदनी क्षेत्रों में बुधवार सुबह से ही पुलिस के 150 से अधिक जवानों ने अलग-अलग टोलियों में घर-घर जाकर सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से बांग्लादेश बॉर्डर से लगे राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल और बिहार से आए मजदूरों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इन मजदूरों से न केवल उनकी पहचान को लेकर सवाल-जवाब किए गए, बल्कि आधार कार्ड, वोटर ID और अन्य भारतीय दस्तावेजों की जांच भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत लगभग 200 लोगों की जांच की गई, जिनमें कई ऐसे थे जो लंबे समय से क्षेत्र में रह रहे हैं लेकिन उनके दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। जिन लोगों के पास दस्तावेज नहीं थे या जानकारी स्पष्ट नहीं दे पाए, उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग जिले में पिछले कुछ समय से इस तरह के अवैध प्रवासियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद दुर्ग पुलिस ने इस अभियान को और तेज किया है।
अब तक चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत 13,500 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, वहीं कई अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दुर्ग एसपी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे अपने आस-पास रहने वालों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।