दुर्ग में बाल सुधार गृह से फरार हुए तीन नाबालिग, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
रातभर चली तलाश जारी; नाबालिगों ने दीवार फांदकर किया फरार; पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
पुलगांव थाना क्षेत्र के बाल संप्रेषण गृह से रविवार रात तीन नाबालिग फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि बच्चों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। तीनों नाबालिग अलग-अलग अपराध मामलों में संप्रेषण गृह में रखे गए थे।
दुर्ग। रविवार की रात दुर्ग के बाल संप्रेषण गृह से तीन नाबालिग फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग हत्या के मामले में, दूसरा लूट और तीसरा अन्य अपराध के मामले में संप्रेषण गृह में रखा गया था। देर रात तीनों ने दीवार फांदकर फरारी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही संप्रेषण गृह प्रबंधन ने पुलिस को तुरंत अवगत कराया।
ASP सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि की और बताया कि नाबालिगों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे कहीं उनके संपर्क में तो नहीं हैं।
सूत्रों का कहना है कि इससे पहले भी बाल संप्रेषण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटनाएं हो चुकी हैं। इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही भी उजागर हुई है, क्योंकि पहले की घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया गया। यही वजह है कि तीनों नाबालिग संप्रेषण गृह से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी है, ताकि बच्चों को जल्दी से जल्दी पकड़कर संप्रेषण गृह वापस लाया जा सके।
suntimes 