खास समाचार : वैशाली नगर को मिला 51 करोड़ का विकास पैकेज, डिप्टी सीएम ने विधायक सेन को दी बधाई
अरूण साव ने दिए सभी योजनाओं की निगरानी के निर्देश, कहा— गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे प्राथमिकता

वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र को 51 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति पर विधायक रिकेश सेन को बधाई देते हुए कार्यों की सतत निगरानी और शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक सेन की सक्रियता से क्षेत्र में विकास के नए अध्याय लिखे जाएंगे।
भिलाई नगर, 16 जुलाई (सन टाइम्स)। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र को राज्य सरकार की ओर से 51 करोड़ 41 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने विधायक रिकेश सेन को इस स्वीकृति के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह राशि क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभी कार्यों की नियमित मानीटरिंग सुनिश्चित करने और गुणवत्ता से समझौता न होने देने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि विधायक सेन की निरंतर सक्रियता और क्षेत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए यह बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें अधोसंरचना विकास, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना तथा सेंट्रल लाइब्रेरी योजना के अंतर्गत विभिन्न कार्यों को शामिल किया गया है।
प्रमुख परियोजनाओं में नेहरू नगर अंडरब्रिज से भिलाई नगर रेलवे स्टेशन तक रेलवे लाइन के समानांतर सड़क निर्माण व विद्युतीकरण के लिए 3.22 करोड़, सुपेला अंडरब्रिज तक इसी प्रकार के कार्यों के लिए 3.84 करोड़, जवाहर मार्केट के उन्नयन हेतु 7 करोड़ और 500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन के लिए 11.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा 25.92 करोड़ रुपये अन्य निर्माण कार्यों के लिए आबंटित किए गए हैं।
अरूण साव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें और नियमित रूप से उनकी प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता इन योजनाओं की मुख्य विशेषताएं होंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक सेन के मार्गदर्शन और सतत प्रयासों से वैशाली नगर का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा। साथ ही जनता तक इन योजनाओं की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाकर भरोसे को और मजबूत किया जाएगा।