दुर्ग स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा यात्री
बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन, 50 मीटर तक घसीटा; आरपीएफ जवान की सतर्कता से बची जान
दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक यात्री की जान पर बन आई। ट्रेन के रवाना होते समय यात्री ने जल्दबाजी में कोच में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप में फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन धीरे-धीरे गति पकड़ रही थी। इसी दौरान यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के साथ घसीटता चला गया। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए स्टेशन पर हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।
घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई निरंजन की नजर तुरंत यात्री पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए पहले ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया और फिर तेजी से दौड़ लगाकर यात्री को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। आरपीएफ जवान की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से यात्री की जान बच गई।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने आरपीएफ जवान की बहादुरी और सतर्कता की सराहना की। रेलवे अधिकारियों ने भी यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
suntimes 