नंदिनी रोड पर नशे में ट्रक चालक का कहर, एक युवती की मौत, दो सहेलियां गंभीर
जूस पीने निकली तीन सहेलियां हादसे का शिकार; 2 किमी तक भागा आरोपी, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
दुर्ग। नशे में लापरवाही ने एक बार फिर सड़क पर मासूम जिंदगियां छीन लीं। नंदिनी रोड पर तेज रफ्तार और नशे में धुत ट्रक चालक ने स्कूटी सवार तीन सहेलियों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी के लिए जूझ रही हैं।
दुर्ग जिले के नंदिनी रोड पर सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक नशे में धुत ट्रक चालक ने स्कूटी सवार तीन सहेलियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रीति नाम की युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेलियां लक्ष्मी और हिमानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों सहेलियां घर से जूस पीने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रीति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश करते हुए करीब 2 किलोमीटर तक ट्रक लेकर भागा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे में पूरी तरह धुत था और उसे अपने कृत्य पर किसी तरह का पछतावा नहीं था। लोगों ने आरोप लगाया कि वह उल्टा धमकियां दे रहा था, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
suntimes 