दुर्ग महापौर का वीडियो वायरल, ठेला हटाने को लेकर तीखी नोकझोंक
अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदार को कथित धमकी; सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
दुर्ग। शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदार को सख्ती से हटने के निर्देश देती नजर आ रही हैं। वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में महापौर सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदार को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश देती दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय की है, जब महापौर शहर में अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने निकली थीं। इसी दौरान सड़क किनारे गुपचुप का ठेला लगाए एक दुकानदार से उनकी तीखी बहस हो गई।
वीडियो में महापौर को सख्त लहजे में कहते हुए सुना जा सकता है कि कई बार समझाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। इस दौरान कथित तौर पर उन्होंने थप्पड़ मारने जैसी चेतावनी भी दी, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। एक ओर जहां कुछ लोग इसे शहर में व्यवस्था बनाए रखने की सख्ती बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले पर महापौर या नगर निगम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
suntimes 