नेहरू चौक में कांग्रेस के धरने के बाद बवाल: सीएम की फोटो पर टिप्पणी से माहौल गरमाया
सीएम विष्णुदेव साय की फोटो पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो का थाने घेराव, पुलिस ने तीन कांग्रेस नेताओं पर दर्ज की एफआईआर
नेहरू चौक में कांग्रेस द्वारा सड़क, बिजली बिल और धान खरीदी को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के अगले ही दिन राजनीति में उबाल आ गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर पर कथित अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक कृत्य के आरोप सामने आने के बाद भाजयुमो ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाने में जमकर विरोध जताया। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि पुलिस ने देर शाम कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों पर मामला दर्ज कर लिया।
भिलाई। नेहरू चौक में बीते गुरुवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा सड़क मरम्मत, बढ़े बिजली बिल और धान खरीदी में अव्यवस्थाओं के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन अब राजनीतिक टकराव में बदल गया है। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर पर कथित अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित हरकत का मुद्दा उछलने के बाद शुक्रवार को माहौल और गरमा गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला अध्यक्ष निखिल केशरवानी के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता सुबह ही सिविल लाइन थाने पहुंच गए। भाजयुमो ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाते हुए जमकर नारेबाजी की और कहा कि मुख्यमंत्री के संबंध में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत में उल्लेख है कि रैली के कारण नेहरू चौक पूरी तरह जाम हो गया था। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि घर लौटते समय रास्ता अवरुद्ध मिला और इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री साय के पोस्टर पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का उपयोग कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर शाम जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और शादाब हुसैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 190, 191(2), 126(2) और 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में तेज हलचल है और दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। विपक्षी खेमे का कहना है कि कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक जनता की समस्याओं को उठाती रहेगी, वहीं भाजपा ने स्पष्ट कहा है कि मुख्यमंत्री का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
suntimes 