पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, अफवाहों के बीच ईंधन भरवाने लगी लंबी कतारें
दुर्ग के कई पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति प्रभावित, प्रशासन ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
एसपी और खाद्य अधिकारी की अपील — डीजल-पेट्रोल का अनावश्यक भंडारण करने वालों पर होगी कार्रवाई
दुर्ग।दुर्ग जिले में पिछले दो-तीन दिनों से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने के चलते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कुछ स्थानों पर पेट्रोल पंप बंद होने की खबरों के बीच लोगों में ईंधन की कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है। अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं।
इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से देर रात तक वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
खाद्य अधिकारी अनुराग सिंह भदौरिया ने स्पष्ट किया कि दुर्ग जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी एवं आपूर्ति संबंधी कारणों से वितरण प्रभावित हुआ है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बेवजह घबराकर ईंधन का अतिरिक्त संग्रहण न करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अनावश्यक रूप से पेट्रोल या डीजल का भंडारण करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगामी दिनों में सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।
suntimes 