बस्तर छोड़कर शहरों की ओर नक्सली: 20 महानगरों में मजबूत हो रहा शहरी नेटवर्क

मिशन 2026 के दबाव में नक्सली जंगल छोड़ शहरों में सक्रिय, सोशल मीडिया और जन आंदोलनों के जरिए वैचारिक लड़ाई तेज

बस्तर छोड़कर शहरों की ओर नक्सली: 20 महानगरों में मजबूत हो रहा शहरी नेटवर्क

बस्तर में सुरक्षा बलों के दबाव के चलते नक्सलियों ने अब शहरों को अपना नया गढ़ बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। अब वे जंगलों से निकलकर मुंबई, दिल्ली, कोलकत्ता, बैंगलोर, हैदराबाद, रायपुर और अन्य 20 से अधिक महानगरों में सक्रिय हैं। शहरों में नक्सली अपने अंडरग्राउंड नेटवर्क के माध्यम से वैचारिक प्रचार, रोड ब्लॉकेज, आईईडी प्लांटिंग और जन आंदोलन के जरिए सिस्टम को अंदर से कमजोर करने की योजना बना रहे हैं।

बस्तर। बस्तर के बड़े नक्सली या केंद्रीय कमेटी मेंबर अंडरग्राउंड हो चुके हैं। अब दूसरे चरण में नक्सलियों के खाने-पीने का इंतजाम करने वाले, फोर्स के मूवमेंट की जानकारी देने वाले और रोड ब्लॉकेज करने वाले सदस्य भी शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, ये नक्सली गोवा, कर्नाटक, बैंगलूरु, मुंबई, कोलकत्ता, जम्मू, श्रीनगर, पूणे, हैदराबाद, दिल्ली, लुधियाना और मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों में मजदूरी, पेंटिंग और कारपेंटरी जैसे काम में लगे हैं।

वैचारिक युद्ध और डिजिटल प्रोपेगैंडा

नक्सलियों ने अब सीधी मुठभेड़ की रणनीति को छोड़कर सोशल मीडिया, धरना और जन आंदोलनों के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। फिल्म, कविता, थियेटर और डिजिटल कंटेंट के जरिए वे नई पीढ़ी को नक्सल विचारधारा की ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।

एनआईए की निगरानी और गिरफ्तारी

एनआईए लगातार शहरी नेटवर्क को तोड़ने में सक्रिय है। तिरिया, बस्तर में मुठभेड़ के दौरान पकड़ी गई नक्सली डायरी में शहरों में सक्रिय नेटवर्क के नाम दर्ज थे। इसके बाद तेलंगाना, आंध्र और हरियाणा के रोहतक से कई नक्सली गिरफ्तार किए गए। इनमें बस्तर के दरभा क्षेत्र के प्रियांशु कश्यप जैसे सदस्य भी शामिल हैं, जो दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे और नॉर्थ रीजनल ब्यूरो को पुनः सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे।

बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ में छापेमारी

एसआईए ने बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, रायगढ़ और भिलाई में छापेमारी कर दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक डीवीसी मेंबर और दूसरा एसीएम है। दोनों शहरों में रहकर नक्सली संगठन के लिए काम कर रहे थे। रायपुर में उनकी पूछताछ जारी है। ऑपरेशन का नेतृत्व आईजी अंकित गर्ग कर रहे हैं, एसआईए और एसआईबी के शीर्ष अधिकारी उनके साथ मौजूद हैं।