बाजार में लौटी खरीदारी, सेंसेक्स 74,500 के पार पहुंचा
निफ्टी में भी 50 अंक की तेजी, मेटल और फार्मा सेक्टर में निवेशकों की दिलचस्पी; विदेशी निवेशक अब भी बेच रहे शेयर
मुंबई (ए)। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी का माहौल रहा। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 200 अंक से ज्यादा मजबूत होकर 74,500 के आसपास पहुंच गया। निफ्टी भी करीब 50 अंक की तेजी के साथ 23,300 के स्तर पर कारोबार करता रहा। सेक्टरवार कारोबार में मेटल, फार्मा और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की सक्रियता ज्यादा रही।
ग्लोबल संकेतों से बाजार को मिला समर्थन
घरेलू बाजार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। एशिया में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 167 अंक, जापान का निक्केई 526 अंक और हांगकांग का हैंगसेंग 168 अंक ऊपर कारोबार करता रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक में 1.69%, एसएंडपी 500 में 1.14% और डाउ जोन्स में 0.61% की मजबूती रही।
सात दिन में एफआईआई ने निकाले 8,219 करोड़
बाजार में तेजी के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले 7 कारोबारी दिनों में एफआईआई और एफपीआई ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 8,219 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की है। इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी दौरान 10,212 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं।
पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशकों की शुद्ध बिकवाली का आंकड़ा करीब 18,813 करोड़ रुपए रहा। इसी अवधि में घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी करीब 64,760 करोड़ रुपए रही।
सेंसेक्स में मामूली गिरावट, निफ्टी चढ़ा था
पिछले कारोबारी सत्र में बाजार का रुख एक जैसा नहीं रहा था। सेंसेक्स 22 अंक टूटकर 74,315 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 53 अंक की बढ़त के साथ 23,271 पर पहुंचा था। फार्मा, मीडिया और रियल्टी शेयरों में खरीदारी का जोर रहा, जबकि बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली देखी गई।
suntimes 