बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
गरियाबंद में 200 मिमी से अधिक बरसा पानी, रायपुर की सड़कों पर जलभराव; बस्तर में स्कूल बंद और तिमाही परीक्षाएं रद्द, रेल-हवाई यातायात भी प्रभावित
रायपुर। प्रदेश में सक्रिय बारिश का दौर अब कई इलाकों में परेशानी का कारण बन गया है। लगातार बारिश के चलते रायपुर से लेकर बस्तर संभाग तक जलभराव और बाढ़ जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं। गरियाबंद में बीते 24 घंटे में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई है। इससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है।
राजधानी रायपुर में भाठागांव, सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र के आसपास जलभराव की स्थिति बनी रही। कई सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। जगदलपुर में गंगा मुंडा और आसपास की निचली बस्तियों में नालियों के जाम होने से पानी सड़कों पर फैल गया। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में पानी घरों तक पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर
सुकमा और बीजापुर के ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश के कारण कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कुछ स्थानों पर पानी भरने से गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इंद्रावती नदी उफान पर है। निचले इलाकों में प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
जगदलपुर-बीजापुर मार्ग पर केशलूर के पास पानी भरने से नेशनल हाईवे-63 पर आवागमन रोकना पड़ा। वहीं, गरियाबंद के बेलाट नाला में जलस्तर बढ़ने के बावजूद बच्चों के नहाने का वीडियो सामने आया है, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्कूल बंद, परीक्षाओं पर भी असर
लगातार बारिश को देखते हुए बस्तर जिले में शुक्रवार को सभी स्कूल बंद रखे गए। गरियाबंद और कांकेर में भी प्रशासन ने बारिश की स्थिति को देखते हुए आज से शुरू होने वाली तिमाही परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। सिकासार बांध से सुरक्षा की दृष्टि से 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन, दो ट्रेनें रद्द
भारी बारिश के बीच रायगढ़ मंडल में एमवीजी-सीटीएस स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हुआ। इसके कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनें 25 सितंबर को रद्द कर दी गईं। इनमें किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं।
बारिश और खराब मौसम का असर विमान सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली उड़ान को भी रद्द किया गया है।
25 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों के लिए आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश को देखते हुए नदी, नाला, बांध और निचले क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
suntimes 