भिलाई में युवक की संदिग्ध मौत: घर में फंदे पर मिला शव, सुसाइड नोट से बढ़ी गुत्थी
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी
भिलाई के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के भीतर फंदे से लटका शव मिलने और सुसाइड नोट में नाम सामने आने से मामला उलझ गया है।
भिलाई। शहर के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के भीतर फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच शुरू कर चुकी है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान मोहन रामटेक (42) के रूप में हुई है, जो पिछले तीन महीनों से कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था और पेशे से पेंटर था। शनिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर फंदे से लटका शव बरामद किया। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक के भाई नवीन रामटेके ने बताया कि किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शव पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में थे, जहां उनकी मां का इलाज चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी और सुपेला थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में कुछ नामों का उल्लेख है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
suntimes 