भिलाई में सम्पन्न हुआ "हर आँगन एक पेड़" अभियान का समापन, सांसद विजय बघेल रहे शामिल

सुपेला चौक पर निशुल्क पौधा वितरण, स्थानीय लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

भिलाई में सम्पन्न हुआ "हर आँगन एक पेड़" अभियान का समापन, सांसद विजय बघेल रहे शामिल

कला एवं पर्यावरण को समर्पित संस्था आर्टकॉम द्वारा चलाए जा रहे अभियान "हर आँगन एक पेड़" का समापन भिलाई के सुपेला चौक पर किया गया। इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पौधे वितरित कर अभियान को नई ऊर्जा दी और संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज को हरित भविष्य की ओर अग्रसर कर रही है।

भिलाई। कला और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित संस्था आर्टकॉम द्वारा संचालित जनअभियान "हर आँगन एक पेड़" का समापन समारोह भिलाई में सम्पन्न हुआ। सुपेला चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पौधों का निशुल्क वितरण कर अभियान को नई दिशा प्रदान की।

संस्था की शुरुआत संस्थापक निशु पांडे ने कुछ गमलों में पौधे लाकर की थी। धीरे-धीरे यह पहल जनआंदोलन का रूप ले चुकी है और अब आर्टकॉम का नाम न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देशभर में पहचाना जाने लगा है।

सांसद विजय बघेल ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए "एक पेड़ माँ के नाम" संदेश को यह संस्था ज़मीनी स्तर पर साकार कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष अभियान की शुरुआत भारत के पहले "सिंदूर उद्यान" से हुई और समापन भिलाई के ह्रदयस्थल सुपेला चौक पर हुआ।

कार्यक्रम में आर्टकॉम के संरक्षक करमजीत सिंह और अध्यक्ष गुरनाम सिंह के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। सांसद बघेल ने संस्था के आगामी अभियान "हर आँगन एक वाटर हार्वेस्टिंग" को अपने अभियान "संतान के नाम एक सोखता" से जोड़ते हुए सभी नागरिकों से अपील की कि जल संरक्षण भविष्य की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है।

समापन अवसर पर स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही। बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक ने पौधे लेकर प्रसन्नता जताई और अगले वर्ष और बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया। वैशाली नगर क्षेत्र के लोगों ने अपने वक्तव्य में कहा कि घरों और कॉलोनियों में पेड़ लगाने की अत्यधिक ज़रूरत है ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।

विशेष बात यह रही कि संस्था के सदस्यों ने यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों का पौधा देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में संस्था के प्रमुख संरक्षक करमजीत सिंह, अध्यक्ष गुरनाम सिंह बिंदर, संस्थापक निशु पांडे, शारदा गुप्ता, नीलकमल सोनी, बंटी नाहर, अमिताभ भट्टाचार्य, मेघा कौर, शिवशंकर यादव, श्रीनिवास मिश्रा, भास्कर राव और काजल साहा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।