रक्षाबंधन पर भिलाई से सरहद के वीरों को स्नेह का संदेश

भाजपा महिला मोर्चा के ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4’ अभियान के तहत 30 हजार से अधिक राखियां, आंगन की मिट्टी और बहनों के पत्र सीमा पर भेजे गए

भिलाई। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा भिलाई ने सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और आत्मीयता प्रकट करते हुए ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4’ अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर की माताओं और बहनों ने 30 हजार से अधिक राखियां तैयार कर जवानों के लिए भेजीं। राखियों के साथ घर-आंगन की एक चुटकी मिट्टी और बहनों द्वारा लिखे गए स्नेह पत्र भी प्रेषित किए गए, ताकि देश की सीमाओं पर डटे सैनिकों तक परिवार जैसा अपनापन और आशीर्वाद पहुंच सके।

महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सैनिकों के प्रति कृतज्ञता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने का भी अवसर है। प्रत्येक रक्षा सूत्र देशवासियों के प्रेम, भरोसे और सैनिकों के प्रति अटूट सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभियान के प्रमुख सहयोगी एवं भूतपूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप राणा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर निर्मला नायडू, प्रभा साहू, पुष्पा रे, स्वाति गुप्ता, स्नेहा शुक्ला, सरला आचार्य, पुष्पलता कर, सबुजा देवी, सरोज सिंह, अनुपमा शुक्ला, पूनम सिंह, ममता भारद्वाज, यशोदा निर्मलकर, सुरेखा देशमुख, पद्मिनी साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उतई मंडल की महिलाओं ने भी भेजीं एक हजार राखियां

इधर भाजपा उतई मंडल और महिला मोर्चा की ओर से ‘एक राखी जवानों के नाम’ अभियान के तहत एक हजार राखियां सैनिक भाइयों के लिए भेजी गईं। राखियों के साथ जवानों के नाम स्नेह से भरे पत्र भी प्रेषित किए गए। उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की बहनों ने बड़ी संख्या में राखियां एकत्रित कर राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ सैनिकों के सम्मान का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर महामंत्री प्रवीण यदु, चंदू देवांगन, फत्तेलाल वर्मा, मोतिम ठाकुर, फलेंद्र सिंह राजपूत, खोपली सरपंच मंजू वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।