रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी के विरोध में दुर्ग बंद जैसा माहौल, पटेल चौक पर जमीन कारोबारियों का चक्का जाम; पुलिस का लाठीचार्ज
पिछले आठ दिनों से चल रहा विरोध आज उग्र; पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में लाठीचार्ज किया, कई घायल—अनेक प्रदर्शनकारी हिरासत में
दुर्ग में जमीन रजिस्ट्री शुल्क वृद्धि के विरोध में पिछले आठ दिनों से आंदोलनरत जमीन कारोबारी शुक्रवार को पटेल चौक में चक्का जाम करने पहुंच गए, जहां पुलिस व प्रशासन से तीखी झड़प के बाद हालात बेकाबू हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाएं सहित कई लोग घायल हुए और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
दुर्ग जिले में जमीन रजिस्ट्री शुल्क में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से जमीन कारोबारी और अन्य संबंधित वर्गों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को यह आंदोलन और उग्र हो गया, जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पटेल चौक पहुंचकर चक्का जाम करने लगे। आम जनमानस के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस विरोध में शामिल थीं।
चक्का जाम के दौरान प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर उनकी आगे बढ़ने की कोशिश को रोकने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्ष आमने-सामने खड़े रहे और तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आसपास लगे एटीएम पर पानी फेंकने और गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई। कई लोग सड़कों पर इधर-उधर भागने लगे, वहीं पुलिस लगातार भीड़ को खदेड़ती रही। लाठीचार्ज में कई लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस ने मौके से कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार भी किया है। प्रदर्शनकारी लंबे समय से शासकीय रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। आज का आंदोलन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की घोषणा के साथ शुरू हुआ था, लेकिन भीड़ बढ़ने और नारेबाजी तेज होने के बाद स्थिति बिगड़ गई।
इस दौरान ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि “भाजपाई ही भीड़ में घुसकर माहौल को बिगाड़ रहे हैं और अध्यक्ष आप चौधरी का पुतला जलाने जैसी हरकत कर रहे हैं।”
फिलहाल पुलिस हालात पर नियंत्रण करने की कोशिश में लगी हुई है।
suntimes 