विकसित भारत की दिशा में निर्णायक बजट: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

विकसित भारत की दिशा में निर्णायक बजट: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसे देश के विकसित और समृद्ध भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और समावेशी कल्याण के तीन प्रमुख कर्तव्यों पर आधारित है, जिससे छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

रायपुर।  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने का ठोस खाका है। कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के हर वर्ग—गरीब, किसान, महिला, युवा, मध्यम वर्ग और श्रमिक—को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय और अवसरों की समानता को सुनिश्चित करता है। छत्तीसगढ़ जैसे कृषि और आदिवासी बहुल राज्यों के लिए इसमें व्यापक संभावनाएं निहित हैं।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और एआई आधारित कृषि को बढ़ावा दिया गया है। पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को प्रोत्साहन मिलने से गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के जरिए स्थानीय उद्योग, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी।

युवाओं के लिए रोजगार का विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा। पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने से युवाओं को अपने राज्य और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी पहल

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे कैंसर, डायबिटीज और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में ट्रॉमा और इमरजेंसी सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा मिलने से स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

महिला सशक्तिकरण को नई दिशा

लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उनकी शिक्षा और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

उद्योग, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क और खनिज कॉरिडोर जैसे फैसले देश के औद्योगिक विकास को नई गति देंगे। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश रोजगार और तकनीकी विकास के नए द्वार खोलेगा।

आम जनता को राहत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ कई जरूरी वस्तुओं के सस्ते होने से आम जनता को सीधी राहत मिलेगी। इससे जीवन यापन की लागत कम होगी और मध्यम वर्ग को लाभ मिलेगा।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए इसे जनकल्याणकारी और दूरदर्शी बजट बताया।