विवादित जमीन बेचने और करोड़ों का लोन लेने के आरोप में कारोबारी दंपती पर FIR

बैंक में गिरवी रखकर 4.50 करोड़ का लोन लेने का आरोप

विवादित जमीन बेचने और करोड़ों का लोन लेने के आरोप में कारोबारी दंपती पर FIR

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जमीन सौदे में कथित धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामले में सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश के बाद सुपेला थाना पुलिस ने की है।

आरोप है कि कारोबारी दंपती ने ग्राम कोहका स्थित विवादित जमीन को पूरी तरह विवादमुक्त बताकर उसका सौदा किया और खरीदार से 10 लाख रुपए एडवांस राशि ली। इसके बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई और बाद में उसी जमीन को गिरवी रखकर करोड़ों रुपए का लोन ले लिया गया।

50 लाख में हुआ था जमीन का सौदा

प्रार्थी सुनील कुमार सोमन के अनुसार 13 मार्च 2023 को ग्राम कोहका स्थित लगभग 0.10 हेक्टेयर जमीन का इकरारनामा किया गया था। आरोपी पक्ष ने जमीन को पूरी तरह साफ और विवादमुक्त बताया था।

बताया गया कि जमीन का सौदा 50 लाख रुपए में तय हुआ था, जिसमें 10 लाख रुपए अग्रिम राशि के रूप में दिए गए। लेकिन तय समय के बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही एडवांस रकम वापस लौटाई गई।

जांच में सामने आया जमीन विवाद

बाद में दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि संबंधित जमीन पहले से किराया और लीज विवाद में उलझी हुई थी। आरोप है कि यह महत्वपूर्ण जानकारी जानबूझकर खरीदार से छिपाई गई।

शिकायत में यह भी कहा गया कि यदि जमीन विवादित और बैंक में मॉर्गेज थी, तो इसकी जानकारी सौदे से पहले देना जरूरी था।

4.50 करोड़ का लोन लेने का आरोप

मामले में यह तथ्य भी सामने आया कि जमीन के दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपए का ऋण लिया गया।

कोर्ट ने उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला मानते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया में वायरल हुई तस्वीरें

मामला सामने आने के बाद संगीता केतन शाह और उनके पति की कई राजनीतिक नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि संगीता शाह पूर्व में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

हालांकि मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि जांच तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है।

पीड़ित ने लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार

प्रार्थी सुनील कुमार सोमन ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई के लिए उन्हें कई महीनों तक भटकना पड़ा। उनका कहना है कि पुलिस स्तर पर सहयोग नहीं मिलने के कारण उन्हें न्यायालय का सहारा लेना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि विभिन्न स्तरों पर शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद कोर्ट में याचिका दायर की गई। अब FIR दर्ज होने के बाद उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।