वॉशिंग पाउडर पैकिंग की आड़ में चल रही थी गुटखा फैक्ट्री, पुलिस रेड में मशीनें और लाखों का सामान जब्त
किराए के गोदाम में छिपाकर तैयार किया जा रहा था जर्दायुक्त गुटखा; आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन की टीम
दुर्ग-भिलाई। जिले के कचांदूर गांव में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित गुटखा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यहां वॉशिंग पाउडर की पैकिंग का झांसा देकर किराए के गोदाम में जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस को गुटखा निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, पैकिंग सामान और मशीनें मिलीं। सभी सामान को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू ने करीब 15 से 20 दिन पहले कचांदूर गांव में गोदाम किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां निरमा पाउडर की पैकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा किरायानामा और जरूरी दस्तावेज भी तैयार किए गए थे।
मोबाइल बंद होने से बढ़ा शक
कुछ दिनों तक गतिविधियां सामान्य रहीं, लेकिन बाद में किराएदार मोहम्मद सानू का मोबाइल बंद हो गया। गोदाम मालिक ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियां नजर आने लगीं।
गोदाम में तैनात सुरक्षा गार्ड ने भी अंदर कुछ गड़बड़ी होने की जानकारी दी। शक बढ़ने पर गोदाम मालिक मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
रात में पुलिस ने की छापेमार कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच की गई। मंगलवार रात हुई कार्रवाई में गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दायुक्त गुटखा बनाने का कच्चा माल मिला।
पुलिस ने मौके से मिक्सर मशीन, कटर मशीन समेत अन्य उपकरण जब्त किए। इसके अलावा कई बोरियों में सुपारी और गुटखा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई।
फूड सेफ्टी टीम ने भी की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने गोदाम परिसर की जांच कर सामग्री को कब्जे में लिया। इसके बाद अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री को सील कर दिया गया।
अब जांच की जा रही है कि गोदाम में कितने समय से गुटखा बनाया जा रहा था और तैयार माल की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ा सामान बरामद हुआ है। आरोपी मोहम्मद सानू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
दुर्ग जिले में इससे पहले भी अवैध गुटखा निर्माण का मामला सामने आ चुका है। अंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फैक्ट्री पर कार्रवाई कर जर्दायुक्त गुटखा बनाने का खुलासा किया था। अब एक बार फिर जिले में इसी तरह की गतिविधि पकड़ी गई है, जिसके बाद पुलिस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
suntimes 