जिन्न और तंत्र-मंत्र के डर में फंसाकर महिला से 85 लाख की ठगी, आरोपी ने पति की मौत के बाद भी ऐंठे पैसे
पूजा-पाठ, निवेश और नौकरी का झांसा देकर बनाया शिकार; पैसे मांगने पर नस काटने की भेजी फोटो, भिलाई पुलिस ने दर्ज किया केस
भिलाई में अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला को प्रेत बाधा, जिन्न के गुस्से और परिवार पर संकट आने का भय दिखाकर आरोपी ने करीब 85 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने तंत्र-मंत्र, गुप्त पूजा और निवेश में बड़ा मुनाफा दिलाने का लालच देकर रकम ऐंठी। पति की सड़क हादसे में मौत के बाद भी आरोपी महिला को डराकर पैसे लेता रहा। अब मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी समेत अन्य धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग-भिलाई। घरेलू परेशानियां दूर करने और भविष्य के संकट टालने का झांसा देकर ठगी करने का मामला भिलाई में सामने आया है। आरोपी ने महिला को कभी जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया तो कभी तंत्र-मंत्र और गुप्त पूजा के नाम पर पैसे मांगे। इसके बाद निवेश में भारी मुनाफे और सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देकर भी लाखों रुपए ले लिए।
भिलाई निवासी संगीता कश्यप ने कोतवाली थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदार के माध्यम से हुई थी पहचान
पुलिस शिकायत के अनुसार, नवंबर 2023 में संगीता कश्यप की मुलाकात रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों की जानकारी दी। इस पर आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए उनकी समस्याएं दूर कर सकता है।
इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर महिला को ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाने लगा। वह कहता था कि जबलपुर में गुप्त पूजा कराई जा रही है, जिसके लिए लगातार पैसों की जरूरत है। आरोपी ने 43 दिन तक दीपक जलाने और विशेष अनुष्ठान कराने जैसी बातें कहकर रकम वसूलनी शुरू कर दी।
डर दिखाकर लगातार लेता रहा पैसे
महिला का आरोप है कि पैसे देने में देरी करने पर आरोपी डराता था कि जिन्न नाराज हो जाएंगे और परिवार को नुकसान पहुंच सकता है। इसी डर के चलते महिला ने रिश्तेदारों के माध्यम से भी रकम भेजी। एक बार क्यूआर कोड के जरिए 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए।
आरोपी ने महिला से कहा था कि अगर पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। इसके नाम पर उसने डेढ़ लाख रुपए लिए। कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आरोप है कि आरोपी ने इसी घटना का भय दिखाकर महिला से और पैसे वसूले।
ट्रेडिंग के नाम पर बेटे को भी फंसाया
ठगी का दायरा यहीं नहीं रुका। आरोपी ने महिला के बेटे विक्रांत कश्यप को भी ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश का लालच दिया। उसने दावा किया कि निवेश करने पर बड़ी रकम का फायदा होगा और ब्याज सहित पैसा वापस मिलेगा।
आरोपी के कहने पर बेटे के बैंक खातों से भी अलग-अलग किस्तों में रकम भेजी गई। लेकिन निवेश के नाम पर ली गई राशि वापस नहीं की गई।
कभी जेल तो कभी बीमारी का बनाया बहाना
शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा। कभी खुद को जेल में बंद बताता तो कभी मां के इलाज और पिता की मौत का हवाला देकर मदद मांगता था।
एक बार आरोपी ने फोन कर कहा कि उसे उज्जैन के पास पुलिस ने पकड़ लिया है और मुंबई क्राइम ब्रांच ले जाया जा रहा है। उसने खुद को छुड़ाने के लिए 7 लाख रुपए की जरूरत बताई। साथ ही महिला और उसके बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। डर के कारण महिला ने करीब 5 लाख रुपए और भेज दिए।
नस काटने की फोटो भेजकर बनाया दबाव
महिला और उसके बेटे ने जब पैसों का हिसाब मांगना शुरू किया तो आरोपी बहाने बनाने लगा। शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में उसने अपने हाथ की नस काटने की फोटो व्हाट्सएप पर भेज दी और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की।
इसके बाद आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने का नया झांसा दिया। उसने फर्जी नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग लेटर दिलाने की बात कहकर भी रकम ली। नौकरी के नाम पर महिला को भोपाल बुलाया गया, जहां उसने करीब 4 लाख रुपए नकद दिए।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में मिले दस्तावेजों व लेन-देन की जांच की जा रही है।
suntimes 