छठ से पहले गंदगी से घिरे घाट: दुर्ग-भिलाई के कई तालाबों में अधूरी सफाई, श्रद्धालु नाराज
रामनगर मुक्तिधाम तालाब में कीचड़ और लाइट की कमी; बैकुंठ धाम तालाब में दिखा सुधार, सेक्टर-2 में तैयारी जारी
छठ महापर्व से पहले दुर्ग शहर के कई छठ घाटों पर सफाई और रोशनी की अव्यवस्था ने श्रद्धालुओं की नाराजगी बढ़ा दी है। रामनगर मुक्तिधाम तालाब में गंदगी और लाइटिंग की कमी के चलते लोगों ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, बैकुंठ धाम तालाब में इस बार बेहतर व्यवस्था देखने को मिली है।
दुर्ग। छठ पूजा जैसे बड़े पर्व से पहले शहर के कई तालाबों की स्थिति श्रद्धालुओं के लिए चिंता का कारण बन गई है। रामनगर मुक्तिधाम तालाब में इस बार भी सफाई अधूरी रह जाने और लाइटिंग की कमी को लेकर श्रद्धालु नाराज हैं। उनका कहना है कि तालाब के भीतर गाद और मूर्ति विसर्जन के अवशेष अब तक नहीं हटाए गए हैं, जिससे पानी गंदा हो गया है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि निगम की ओर से केवल बाहरी हिस्सों में चुना पुताई और सजावट कर खानापूर्ति कर दी गई है। तालाब के अंदर लकड़ी और अन्य अपशिष्ट सामग्री पड़ी हुई है। ऐसे गंदे पानी में पूजा करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
मुक्तिधाम तालाब परिसर में लाइट की व्यवस्था भी अब तक नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी केवल दिखावटी सफाई की जा रही है। तालाब के आसपास जमा कचरा कई दिनों से नहीं उठाया गया है। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि छठ पूजा से पहले पूरी सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वहीं दूसरी ओर, बैकुंठ धाम तालाब में इस बार बेहतर व्यवस्था देखने को मिली है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में यहां सफाई और लाइटिंग दोनों में सुधार हुआ है। लोगों ने निगम प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की है।
इसके अलावा सेक्टर-2 तालाब में भी छठ पर्व की तैयारी जोरों पर है। श्रद्धालु स्वयं बेदी तैयार कर रहे हैं, जबकि शनिवार को झाड़ियों की सफाई और टेंट लगाने का काम जारी था। हालांकि तालाब के पानी की गंदगी को लेकर यहां भी लोगों ने नाराजगी जताई है। आयोजन समिति ने बताया कि पानी बदलने और परिसर की सफाई की प्रक्रिया जारी है।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी। हर साल की तरह इस बार भी सेक्टर-2 तालाब में बड़े स्तर पर छठ महापर्व का आयोजन किया जाएगा।
suntimes 