शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 800 अंक चढ़ा
सेंसेक्स 76,500 और निफ्टी 23,650 के स्तर पर पहुंचा, बैंकिंग व आईटी शेयरों में जमकर खरीदारी
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी का रुख देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 800 अंक उछलकर 76,500 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी में लगभग 200 अंकों की बढ़त दर्ज की गई और यह 23,650 के आसपास कारोबार करता रहा। बाजार में बैंकिंग, आईटी और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
इससे पहले सोमवार को भी बाजार में मजबूत तेजी दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,233 अंक की छलांग लगाकर 75,693 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 388 अंक बढ़कर 23,440 पर पहुंच गया था। लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
बाजार में तेजी के पीछे विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। लंबे समय से बिकवाली कर रहे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को 3,115 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। पिछले सात कारोबारी दिनों में उनकी शुद्ध खरीदारी 6,642 करोड़ रुपए रही। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी सोमवार को 1,358 करोड़ रुपए का निवेश किया। हालांकि, पिछले सात दिनों के आंकड़ों में घरेलू निवेशकों की शुद्ध बिकवाली 392 करोड़ रुपए रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई हल्की गिरावट ने भी भारतीय शेयर बाजार को राहत दी है। ब्रेंट क्रूड का भाव घटकर करीब 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में कमी से आयात बिल और महंगाई के दबाव को लेकर बाजार की चिंताएं कुछ कम हुई हैं।
suntimes 