सड़क मंजूरी नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस पार्षद का निगम मुख्यालय में अनिश्चितकालीन धरना
11 लाख की स्वीकृति को लेकर गांधी प्रतिमा के नीचे बैठे शेख मुशीर, नेता प्रतिपक्ष ने निगम प्रशासन पर साधा निशाना
रायपुर | रायपुर नगर निगम में सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस पार्षद ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। शहीद हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड के पार्षद शेख मुशीर ने नगर निगम मुख्यालय में गांधी जी की प्रतिमा के नीचे बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। उनका आरोप है कि मौदहापारा क्षेत्र की जर्जर सड़क के डामरीकरण के लिए पिछले 11 महीनों से निगम प्रशासन से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
पार्षद का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए महज 11 लाख रुपए की स्वीकृति नहीं दी जा रही, जबकि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों और टूटे मार्ग के कारण आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रोजाना तय समय पर धरने का ऐलान
धरने पर बैठे पार्षद शेख मुशीर ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौदहापारा के मुख्य मार्ग के डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने ऐलान किया है कि वे हर दिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांधी प्रतिमा के नीचे बैठकर धरना देंगे।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सड़क का मुद्दा नहीं है, बल्कि वार्ड में रहने वाले हजारों नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा मामला है, जिसे निगम प्रशासन लगातार नजरअंदाज कर रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने निगम प्रशासन पर उठाए सवाल
धरने को समर्थन देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक पार्षद को 11 लाख रुपए की स्वीकृति के लिए 11 महीनों तक भटकाया जा रहा है, यह निगम की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इतनी छोटी राशि के कार्यों में इतनी देरी हो रही है, तो शहर के बड़े विकास कार्यों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
suntimes 