सुबह 4 बजे दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और गांजा बरामद
विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत छावनी, दुर्ग और भिलाई में दबिश; पुरानी भिलाई व GRP की संयुक्त टीम ने पकड़े 78 पौव्वा शराब और मादक पदार्थ
दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह विशेष अभियान के तहत तड़के 4 बजे से 8 बजे तक छावनी, दुर्ग और भिलाई नगर क्षेत्रों में संदिग्ध स्थलों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान पुरानी भिलाई में पुलिस ने अवैध शराब और गांजा बरामद करते हुए कई संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।
दुर्ग। जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास एवं सुरक्षा अभियान’ के तहत मंगलवार सुबह एक व्यापक सर्च अभियान चलाया। यह कार्रवाई सुबह 4 बजे से 8 बजे तक छावनी, दुर्ग एवं भिलाई नगर अनुविभाग के संवेदनशील इलाकों में राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में की गई।
पुलिस की विशेष टीमें छावनी के पुरैना स्टोर पारा, दुर्ग के अटल आवास कॉलोनी बोरसी और भिलाई नगर क्षेत्र के तालपुरी में तड़के ही सक्रिय हो गईं। संदिग्ध व्यक्तियों, ठिकानों और वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे अपराधियों पर नकेल कसने की कोशिश की गई।
अभियान के दौरान थाना पुरानी भिलाई और जीआरपी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 78 पौव्वा अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस को संदेह है कि इन मादक पदार्थों का उपयोग क्षेत्र में अवैध बिक्री और वितरण के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और हथियार लेकर आतंक फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करना है। इसी कड़ी में सुबह-सुबह दबिश देकर अपराधियों के ठिकानों पर दबाव बनाया गया।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके तथा आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
suntimes 