101 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन:रामलीला के किरदार बताएंगे भांचा राम की कहानी; रायपुर की इन 7 सड़कों पर लगेगा जाम

101 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन:रामलीला के किरदार बताएंगे भांचा राम की कहानी; रायपुर की इन 7 सड़कों पर लगेगा जाम

आज दशहरा है। देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रायपुर में प्रमुख 5 जगहों के अलावा 100 से अधिक जगहों पर रावण दहन होगा। सबसे बड़े कार्यक्रम WRS मैदान, BTI ग्राउंड और रावणभांटा मैदान में होंगे।

शहर की लगभग सभी आयोजन समितियों ने आतिशबाजी, रामलीला मंचन का कार्यक्रम रखा है। प्रदेश में भगवान राम को भांजा (छत्तीसगढ़ी में भांचा) माना जाता है। पूजा के बाद रावण पुतले का दहन होगा।

प्रदेश के राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय WRS मैदान में प्रदेश के सबसे बड़े रावण पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां कोलकाता की टीम आतिशबाजी भी करेगी। इसके अलावा रावांभाठा, छत्तीसगढ़ नगर, बोरियाखुर्द में भी रावण दहन होगा।

फाफाडीह चौक से डब्ल्यूआरएस के बीच शाम से रहेगा जाम

रावण दहन और दुर्गा विसर्जन की वजह से आज शाम 4 बजे से देर रात एक दर्जन से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का प्रेशर ज्यादा होने से जाम रहेगा। इनमें भाठागांव से मठपारा चौक और डीआरएम ऑफिस से डब्ल्यूआरएस कॉलोनी जाने वाली सड़क सबसे प्रमुख है। यहां शहर के सबसे बड़े आयोजन हैं।

इसके अलावा शंकर नगर चौक व रांवाभाठा बीरगांव में बड़ा आयोजन किया जा रहा है। इस इलाके में भी शाम से जाम लगेगा। ट्रैफिक पुलिस ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करने के बाद यहां आने वाली सड़कों का ट्रैफिक डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। शाम 4 बजे के बाद आयोजन स्थल जाने वाले वाहनों को ही एंट्री दी जाएगी।

भारी वाहनों का प्रवेश आयोजन समाप्ति के एक घंटे बाद तक बैन रहेगा। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में 20 हजार से ज्यादा भीड़ पहुंचने का अनुमान है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी इसी आयोजन में शामिल होंगे।

इस वजह से आयोजन स्थल आने जाने वाली सड़क पर शाम से ही ट्रैफिक बढ़ जाएगा। इसका असर फाफाडीह चौक तक पड़ेगा। अफसरों ने बताया कि डब्ल्यूआरएस कॉलोनी जाने वाले डीआरएम ऑफिस से होकर ब्रिज के नीचे जाएंगे। डब्लूआरएस मैदान में स्कूल के सामने और उसके आस-पास खाली मैदान में पार्किंग की जाएगी।

ओवरब्रिज के नीचे हर साल लंबा जाम लगता है। इसलिए रावण दहन के बाद भी ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। भनपुरी से आने वालों को श्रीनगर, गुढ़ियारी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शहर से भनपुरी की ओर जाने वाले ओवरब्रिज से जाएंगे।

इसके अलावा रावणभाठा भाठागांव, बीटीआई मैदान शंकर नगर, सप्रे शाला मैदान, समता कॉलोनी, रांवाभाठा बीरगांव और दलदल सिवनी में बड़ा आयोजन हैं। आयोजन स्थल के आसपास की सड़कों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।

गाड़ियों की होगी जांच, रात 2 बजे तक जारी रहेगी

त्योहार में पुलिस की सख्ती रहेगी। शहर में आने वाली गाड़ियां की जांच की जाएगी। संदेह होने पर गाड़ियों की डिक्की खोलकर देखा जाएगा। तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

आईटीएमएस से भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की कार्रवाई रात 2 बजे तक जारी रहेगी। क्योंकि नवरात्र खत्म होने पर ज्यादातर लोग परिवार के साथ बाहर भोजन करने जाते हैं। इसलिए शहर के एंट्री और आउटर पर पुलिस की सख्ती रहेगी। विसर्जन या मेले में हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।