इंदिरा मार्केट में नकली प्रीमियम सिगरेट का कारोबार पकड़ा, दो गिरफ्तार

ब्रांडेड पैकिंग में बेची जा रही थीं डुप्लीकेट सिगरेट; 18 हजार सिगरेट और पैकिंग सामग्री सहित 2.07 लाख रुपये का माल जब्त

इंदिरा मार्केट में नकली प्रीमियम सिगरेट का कारोबार पकड़ा, दो गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित एक दुकान पर प्रीमियम ब्रांड के नाम से नकली सिगरेट बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने SSD TRADERS पर छापामार कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 18 हजार नकली सिगरेट, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को संबंधित कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाजार में उनके ब्रांड के नाम से नकली सिगरेट बेची जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित दुकान पर दबिश दी।

ब्रांडेड पैकिंग और क्यूआर कोड का किया जा रहा था इस्तेमाल

जांच के दौरान दुकान से दो प्रकार की पैकिंग में बड़ी मात्रा में सिगरेट बरामद हुई। इनमें 12 हजार सिगरेट के 24 बंडल और 6 हजार सिगरेट के 12 बंडल शामिल हैं। कुछ पैकेटों पर 115 रुपये एमआरपी और क्यूआर कोड भी अंकित था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने असली उत्पाद जैसी पैकिंग और ब्रांड पहचान का उपयोग कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास किया।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

मामले में विशाल जसवानी (36) निवासी गुरूनानक नगर और निखिल सिहानी (29) निवासी सिंधी कॉलोनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मोहन नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली सिगरेट कहां तैयार की जा रही थी और इसकी आपूर्ति किन दुकानों तक की जा रही थी। मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।