बिलासपुर में मातृ शक्ति के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

300 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ ढाई किलोमीटर तक उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, रिवर व्यू में आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां

बिलासपुर में मातृ शक्ति के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिलासपुर में पहली बार महिलाओं के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं 300 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ सड़कों पर उतरीं और लगभग ढाई किलोमीटर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्काउट-गाइड, एनसीसी और एनएसएस के सदस्य भी शामिल हुए।

यात्रा का शुभारंभ राजकिशोर नगर चौक से हुआ और यह लिंगियाडीह चौक स्थित भारत माता चौक पहुंचकर संपन्न हुई। समापन स्थल पर भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना की गई। विशेष बात यह रही कि यात्रा का संपूर्ण नेतृत्व महिलाओं ने संभाला, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला और अन्य पुरुष कार्यकर्ता उनके पीछे चलते रहे।

सात वार्डों की महिला जनप्रतिनिधियों ने संभाली कमान

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के सात वार्डों में महिला पार्षद होने के साथ भाजपा की महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए महिलाओं को अभियान का नेतृत्व सौंपा गया। महिलाओं ने 300 फीट लंबा तिरंगा तैयार कराया और यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।

रिवर व्यू में देशभक्ति गीतों से गूंजा माहौल

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत रिवर व्यू परिसर में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बैंड दल ने ‘वंदे मातरम’, ‘दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक पहल

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तिरंगा यात्रा में मातृ शक्ति की अग्रणी भूमिका पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। बड़ी संख्या में महिलाओं का राष्ट्रीय ध्वज के साथ सड़कों पर उतरना देश के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश छोड़ने वाली है।