ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस ने आत्मानंद स्कूल में छात्रों को किया जागरूक, नशे व साइबर अपराध पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
"अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार-प्रसार, इमरजेंसी नंबरों का उपयोग और आत्मविश्वास से जीवन जीने का संदेश"
दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन विश्वास' अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सेक्टर-6 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अभिव्यक्ति ऐप के प्रचार के साथ छात्रों को जीवन में आने वाली चुनौतियों से निपटने और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
दुर्ग. दुर्ग जिले में नशा और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस की टीम स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, सेक्टर-6 पहुंची। कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक संगीता मिश्रा द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, महिला अपराध, नशे की लत से होने वाले दुष्परिणाम, POCSO एक्ट और यातायात नियमों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
छात्रों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और अपनी निजी जानकारी अनजान लोगों से साझा न करने की सलाह दी गई। उन्हें महत्वपूर्ण इमरजेंसी नंबर – 112, 9479192099 और 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही, हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों के पालन और सतर्कता के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की उपयोगिता के बारे में बताया गया और उपस्थित शिक्षकों को इसे डाउनलोड कर उपयोग में लाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी समस्या को अपने माता-पिता, शिक्षकों या विश्वसनीय व्यक्तियों से साझा करें और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की प्रिंसिपल, शिक्षक-शिक्षिकाएं और महिला रक्षा टीम के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। इस पहल ने न केवल विद्यार्थियों को शिक्षित किया, बल्कि उन्हें सामाजिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी प्रदान किया।