करंट से हुई थी टीआई की मौत, आईजी की मौजूदगी में पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपए का चेक
पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत एसबीआई ने बीमा लाभ का सौंपा चेक, पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
कुसमी। जुलाई 2025 को घर में काम के दौरान करंट लगने से जशपुर जिले के नारायणपुर थाने में पदस्थ निरीक्षक रामसाय पैंकरा की मृत्यु (TI death case) हो गई थी। अब छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने दिवंगन निरीक्षक की पत्नी मुनेश्वरी पैकरा को 1 करोड़ रुपए का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया। यह सहायता राशि एसबीआई के अधिकारियों ने परिजनों को चेक के रूप में सौंपी। इस दौरान आईजी दीपक झा भी मौजूद थे।
बता दें कि स्व. रामसाय पैकरा (TI death case) सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा चंदखुरी में आयोजित सात दिवसीय रिफे्रशर कोर्स में शामिल हुए थे।
कोर्स समाप्त होने के बाद 27 जुलाई 2025 को वे अपने गृह ग्राम सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुरगांव आए थे। इसी बीच काम के दौरान घर में करंट लगने से उनका असामयिक निधन हो गया था।
1983 में आरक्षक पद से शुरू की थी सेवा
रामसाय पैकरा की नियुक्ति 1 जून 1983 को जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में आरक्षक के पद पर हुई थी। वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में सहायक उप निरीक्षक, 2009 में उप निरीक्षक तथा 2014 में निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए।
अपने सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न जिलों में जिम्मेदारी निभाई और वर्ष 2022 से जिला जशपुर में पदस्थ थे। सेवानिवृत्ति से करीब 6 माह पहले ही दुर्घटना में उनका निधन (TI death case) हो गया। विभाग में वे सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।
अधिकारियों की मौजूदगी में सौंपा गया चेक
बीमा सहायता का चेक एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक शिरीष गीर और क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक चंदन राठौर ने परिजनों को सौंपा। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा (TI death case) ने बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और इसे विभागीय संवेदना व जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।
योजना से परिवार को मिलता है आर्थिक सुरक्षा कवच
पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और एसबीआई के बीच हुए एमओयू के तहत संचालित है। योजना के अनुसार एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले पुलिसकर्मियों की दुर्घटना में मृत्यु (TI death case) होने पर उनके वैध नॉमिनी को 1 करोड़ रुपए तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए का बीमा कवर दिया जाता है।
suntimes 