खास समाचार : बीएसपी प्रबंधन से डीआईसी की मुलाकात के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने समाप्त किया 5 दिन का सत्याग्रह

सेक्टर-9 अस्पताल, मैत्री बाग के निजीकरण पर रोक, कुछ मांगों पर बनी सहमति, कुछ मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने के संकेत

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के निर्णयों के विरोध में कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा चलाया जा रहा सत्याग्रह आज पांचवें दिन समाप्त हो गया। सेल प्रबंधन के डीआईसी से लगभग दो घंटे चली प्रत्यक्ष चर्चा के बाद विधायक ने सत्याग्रह समाप्त करने की घोषणा की।

भिलाई।  भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन के फैसलों के खिलाफ बीते पांच दिनों से चल रहे सत्याग्रह को आज समाप्त कर दिया। सत्याग्रह के पांचवें दिन सेल प्रबंधन के डीआईसी से हुई प्रत्यक्ष मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले विधायक देवेंद्र यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि जब तक डीआईसी से सीधी बातचीत नहीं होती, तब तक सत्याग्रह समाप्त नहीं किया जाएगा। बीएसपी प्रबंधन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलने के चलते आंदोलन लगातार जारी था।

आज हुई करीब दो घंटे की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि सेक्टर-9 अस्पताल का निजीकरण नहीं किया जाएगा और कर्मचारियों को इलाज की सुविधा पूर्ववत मिलती रहेगी। इसी तरह मैत्री बाग को भी निजी हाथों में सौंपने का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है।

हालांकि, स्कूलों के निजीकरण, रिटेंशन स्कीम, टाउनशिप के लीज आवास जैसे कुछ मुद्दों पर अभी पूर्ण सहमति नहीं बन सकी है। विधायक ने इन विषयों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने के संकेत दिए।

सत्याग्रह के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने दो टूक कहा कि
“भिलाई को बिकने नहीं दिया जाएगा। कर्मचारियों के हक और शहर की विरासत की रक्षा हर हाल में की जाएगी।”

फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि विधायक के इस आंदोलन का भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की नीतियों पर आने वाले दिनों में कितना असर पड़ता है।