गुलाब से सम्मान, चालान से सबक: दुर्ग में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
सीट बेल्ट–हेलमेट पहनने वालों को फूल, लापरवाह चालकों पर तेज हुई चालानी कार्रवाई
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने अनोखा और सख्त दोनों तरह का अभियान शुरू किया है। ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया जा रहा है, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों पर बिना किसी रियायत के चालानी कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग। दुर्ग जिले में ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के तहत व्यापक जागरूकता और सख्ती का अभियान चलाया जा रहा है। साल के पहले दिन से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। नियमों का पालन करने वाले चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने पर गुलाब का फूल देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, बिना सीट बेल्ट चारपहिया और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई तेज कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि लगातार जागरूकता के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्ती जरूरी हो गई है।
स्कूल पहुंची ट्रैफिक पुलिस, छात्र और पालक भी नहीं बचे
इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस की टीम नेहरू नगर स्थित केपीएस स्कूल पहुंची। यहां बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा कुछ ऐसे अभिभावक भी सामने आए, जो बिना हेलमेट अपने छोटे बच्चों को दोपहिया वाहन से स्कूल छोड़ने पहुंचे थे। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और पालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
हादसे रोकना उद्देश्य, जागरूकता सबसे जरूरी
ट्रैफिक टीआई पी.डी. चंद्रा ने बताया कि दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा माह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का पालन करने से ही जानमाल की सुरक्षा संभव है। ट्रैफिक पुलिस का प्रयास है कि सख्ती के साथ-साथ लोगों को जिम्मेदार चालक बनने के लिए जागरूक किया जाए।
suntimes 