छत्तीसगढ़ के पांच संभागों में लगेगी सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव की ऐतिहासिक घोषणा

राष्ट्रीय एकता दिवस पर बड़ा फैसला; रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में प्रतिमाएं स्थापित होंगी; 50-50 लाख की पहली किस्त जारी

छत्तीसगढ़ के पांच संभागों में लगेगी सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव की ऐतिहासिक घोषणा

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में उन्होंने सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में लौह पुरुष की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की और तत्काल 2.50 करोड़ रुपये जारी करने के निर्देश दिए।

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आज छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए प्रदेश के हर संभागीय मुख्यालय में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा करते हुए कहा कि लौह पुरुष के विचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

घोषणा के साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों नगर निगमों — रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर — को 50-50 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये अधोसंरचना मद से स्वीकृत किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सरदार पटेल के आदर्शों और मजबूत भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए कटिबद्ध है।

मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री साव दोनों ने आज राजधानी में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लेकर एकता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया और इस स्थापना को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।