छत्तीसगढ़ में पत्नी को सिलबट्टे से कुचलकर मार डाला...12 साल बाद पति से मिलने आई थी

छत्तीसगढ़ में पत्नी को सिलबट्टे से कुचलकर मार डाला...12 साल बाद पति से मिलने आई थी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हरेली के दिन पति ने पत्नी के सिर को सिलबट्‌टे (पत्थर) से कुचल डाला, जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी पिछले 12 साल से अलग रह रहे थे। त्योहार के दिन महिला अपने पति से मिलने गई थी, तभी दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।

वहीं दूसरी वारदात बिलासपुर शहर में हुई है। यहां एक युवक की आपसी विवाद में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विक्की साहू नरेंद्र चंद्राकार से विवाद करने लगा। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद गुस्से में विक्की ने नरेन्द्र के पीठ पर चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी जान चल गई। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा का है।

मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम नरगोड़ा निवासी टीकाराम श्रीवास (50) खेती का काम करता है। उसकी शादी करीब 20 साल पहले ग्राम गतौरा निवासी गिरजाबाई श्रीवास (45) से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन पति-पत्नी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद होने लगा, जिससे दोनों अलग रह रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक पति ग्राम नरगोड़ा में रहता था। वहीं, महिला अपने दो बच्चों को लेकर बिलासपुर में किराए के मकान में रहने लगी। वह यहां रोजी-मजदूरी करती थी और बच्चों का भरण पोषण करती थी।

रविवार को हरेली पर महिला अपने पति से मिलने ग्राम नरगोड़ा गई थी। दोपहर करीब एक बजे दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई। पति ने गुस्से में आकर घर पर रखा सिलबट्‌टा (पत्थर) सिर पर पटक दिया।

इस दौरान महिला खून से लथपथ होकर बुरी तरह से घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग घर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पड़ोसियों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।