ठंड बनी काल: खुले में सोए अज्ञात व्यक्ति की मौत, तापमान गिरकर 5°C पर पहुंचा
पुराने बस स्टैंड के पास मिला शव, ठंड के असर की आशंका; कई जिलों में जारी कोल्ड वेव अलर्ट
अंबिकापुर में पारा गिरने के साथ कड़ाके की ठंड ने एक अनजान व्यक्ति की जान ले ली। पुराने बस स्टैंड के पास उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच में मौत का कारण ठंड लगना माना है। उधर, प्रदेश में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है।
अंबिकापुर। अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पुराने बस स्टैंड के पास खुले में सोए एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक पिछले दो दिनों से बस स्टैंड इलाके में देखा जा रहा था और संभवतः भीख मांगकर जीवन यापन करता था। उसके पास गर्म कपड़ों का अभाव था।
लोगों ने देखी लाश, पुलिस को दी सूचना
मंगलवार शाम स्थानीय लोगों ने उसे खुले स्थान पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को मृत पाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अत्यधिक ठंड की वजह से उसकी मृत्यु हुई है।
अंबिकापुर में पारा 5°C तक गिरा
प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5°C दर्ज किया गया, जबकि मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे पहुंच गया जहां ओस जमकर बर्फ बन गई। मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
7 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे
कोरबा, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित कुल 7 शहरों में रात का तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया।
अंबिकापुर: 5.0°C
पेंड्रा: 8.6°C
जगदलपुर: 9.1°C
दुर्ग: 9°C
राजनांदगांव: 9.5°C
पिछले 24 घंटों में राज्य में अधिकतम तापमान 29.4°C जगदलपुर में और न्यूनतम तापमान 5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
suntimes 