दिल्ली: 16 साल की नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या, शख्स ने बीच सड़क पर चाकू से गोदा और सिर पत्थर से कुचला
दिल्ली में एक 16 साल की लड़की की चाकू से गोदकर बीच सड़क पर हत्या कर दी गई है। मामला दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके का है। इस हमले में लड़की की मौत हो गई है।

नई दिल्ली(A): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां एक 16 साल की लड़की की चाकू से गोदकर बीच सड़क पर हत्या कर दी गई है। मामला दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके का है। इस हमले में लड़की की मौत हो गई है। लड़की की पहचान साक्षी के रूप में हुई है और ये घटना CCTV में कैद हो गई है। इस घटना में हमला करने वाला शख्स लड़की का दोस्त साहिल है। आरोपी साहिल फ्रिज और एसी रिपेयरिंग का काम करता है। साहिल के पिता का नाम सरफराज है।
पुलिस के मुताबिक, साहिल और साक्षी की दोस्ती थी, लेकिन कल उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। साक्षी जब एक बर्थडे में जा रही थी, इसी बीच साहिल ने साक्षी को रास्ते मे रोका और उस पर कई बार चाकू से हमला किया। इसके बाद साहिल ने पत्थर से साक्षी पर हमला किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी साहिल फरार हो गया और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर रेड की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।