नए बंगले पहुंचकर CM साय ने शुरू किया काम-काज : विष्णुदेव बोले- ये प्रदेश की 3 करोड़ जनता का आवास, केंद्र सरकार ने भेजे 6070 करोड़

नए बंगले पहुंचकर CM साय ने शुरू किया काम-काज : विष्णुदेव बोले- ये प्रदेश की 3 करोड़ जनता का आवास, केंद्र सरकार ने भेजे 6070 करोड़

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में अपने नए सरकारी बंगले में काम-काज शुरू कर दिया। अष्टमी को ध्यान में रखकर वो बंगले पहुंचे और इसी दिन काम की शुरुआत की। अपने निवास कार्यालय में विधिवत कामकाज की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद और बसवराजु एस. ने उनका ऑफिस में स्वागत किया। इसी दिन केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को टैक्स ट्रांसफर के 6070 करोड़ रुपए भी जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कुछ जरूरी फाइलें साइन किया। CM सचिवालय के दस्तावेज भी नए बंगले पहुंचा दिए गए हैं। CM जल्द ही इसी बंगले के दफ्तर में मंत्री और विधायकों के साथ मीटिंग भी करेंगे। CM ने इस मौके पर कहा कि, यह निवास प्रदेश की 3 करोड़ जनता का निवास है। जिसके दरवाजे जनहित के लिए सदैव खुले हैं।


हाल ही में मुख्यमंत्री ने इस बंगले में गृहप्रवेश पूजा की है। CM इस नए आवास में आते-जाते रहेंगे। हालांकि चर्चा है कि, साल के आखिर तक वो इसी आवास में शिफ्ट हो जाएंगे। इस निवास को 65 करोड़ के खर्च से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी मां जसमनी देवी से आशीर्वाद लेकर गृह प्रवेश किया था।

छत्तीसगढ़ को कर हस्तांतरण के तहत 6,070 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। CM ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार। त्योहारों के उपलक्ष्य में यह राशि मोदी सरकार ने प्रदेशवासियों को अनुपम उपहार दिया है।

निश्चित ही इस राशि से वित्तीय संसाधनों को मजबूत करने में मदद मिलेगी, जो विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी, साथ ही जनकल्याण के कार्यों में भी तेजी आएगी। डबल इंजन की हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में निरंतर प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

एक जैसे हैं स्पीकर और मंत्री बंगले

मुख्यमंत्री निवास के पास ही 13 मंत्री और एक स्पीकर हाउस यानी विधानसभा अध्यक्ष का बंगला तैयार किया गया है। अंदर-बाहर से यह बंगले एक जैसे ही हैं। किसी भी बंगले में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। यानी अब मंत्रियों के बीच छोटे-बड़े बंगलों को लेकर कोई विवाद भी नहीं होगा। सभी 14 बंगलों का काम पूरा हो गया है।

8 एकड़ में बना

सीएम हाउस भी पूरी तरह से बनकर तैयार है सेक्टर 24 में 8 एकड़ के विशाल भूखंड में 65 करोड़ की लागत से बना है। इसके फ्रंट एलिवेशन का काम पूरा हो गया है और भीतर साज सज्जा और विद्युतीकरण चल रहा है। CM हाउस में 6 बेडरूम, फैमिली और लिविंग रूम, प्राइवेट थियेटर, हेल्थ सेंटर और बड़ी लाइब्रेरी होगी।

हाई टेक होगी सीएम हाउस की सुरक्षा

नए सीएम हाउस की सुरक्षा CCTV, टायर ब्लास्टर के साथ हाईटेक होगी। इसकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। मंत्रियों के लिए बने बंगले में कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहने लगे हैं। वहीं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के बंगले में फिनिशिंग‌ ‌कार्य जारी है। उनके भी जल्द शिफ्ट होने की सूचना है।

पहली बार अफसरों के लिए बने आधा एकड़ में बंगले

राज्य के अफसरों को अभी तक 4000 वर्गफीट तक वाले ही बंगले मिलते आए हैं। रायपुर शहर में भी इसी तरह के बंगले सबसे ज्यादा हैं। देवेंद्र नगर ऑफिसर्स कॉलोनी में बने बंगलों की साइज तो और भी कम है। राज्य बनने के 23 साल बाद ऐसा हो रहा है जब अफसरों को बंगले आधा एकड़ यानी करीब 22000 वर्गफीट में बने होंगे। इसमें बड़ा एरिया लॉन का होगा। नवा रायपुर के सेक्टर 18 में अभी 78 अफसर बंगले तैयार हो रहे हैं।