पूजा-पाठ के बहाने महिला से 36 लाख की ठगी, आरोपी पंडित गिरफ्तार
2 साल में अलग-अलग माध्यम से दिए गए 36 लाख रुपए, फ्लैट भी समर्पित करने का दबाव

पूजा-पाठ और ग्रह शांति के बहाने महिला को झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक फर्जी पंडित को दुर्ग पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दो वर्षों तक महिला को धार्मिक भय और समाधान का झांसा देकर उससे 36 लाख रुपए वसूल लिए थे।
दुर्ग। पूजा-पाठ और ग्रह दोष निवारण के नाम पर महिला से 36 लाख से अधिक की ठगी करने वाले एक तथाकथित पंडित को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला शहर के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी का है, जहां निवासरत पल्लवी जायसवाल ने आरोपी कुलदीप महाराज के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी।
जानकारी के अनुसार, पल्लवी नियमित रूप से नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन के लिए जाया करती थीं। यहीं उनकी मुलाकात स्थानीय पुजारी से हुई, जिसने महिला की समस्याएं सुनकर उन्हें "विशेष पूजा" कराने की सलाह दी और रोहतक निवासी एक तथाकथित विद्वान पंडित कुलदीप महाराज से मिलने की सिफारिश की।
जनवरी 2023 में कुलदीप से हुई पहली मुलाकात के बाद महिला ने लगातार कई चरणों में पूजा-पाठ और ग्रह शांति कराने के नाम पर 18 जनवरी 2023 से लेकर 8 अप्रैल 2025 के बीच कुल 36 लाख 66 हजार रुपए नगद, बैंक ट्रांसफर और अन्य माध्यमों से दे दिए। आरोपी ने महिला से उसके निजी फ्लैट को भी “गुरु को समर्पित” करने की सलाह दी थी।
समस्याएं दूर न होने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद मामले को सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप महाराज को रोहतक से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।